आर्टिकल 19 न्यूज
(अशोक कुमार अहिरवार)
दमोह.जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समीप कटनी मार्ग स्थित करैया फाटक के पास रविवार रात मोटरसाइकिल और आइशर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई.
हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया.टक्कर इतनी जोरदार थी कि आइशर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया.स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे निकालने का प्रयास किया. हालत गंभीर होने पर एसडीईआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
घटनास्थल पर चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, प्रधान आरक्षक सचिन नामदेव, सुमन और जिला अस्पताल से प्रधान आरक्षक गनेश पहुंचे. पुलिस फंसे चालक को निकालने में जुटे रहे.
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिजीत और डॉ यशपाल ने बताया कि घायलों में करैया फाटक निवासी विजय जनना अहिरवार 25 वर्ष, गुड्डे पिता कूरे अहिरवार 25 वर्ष और मुलायम अहिरवार उम्र 25 शामिल हैं.तीनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया है.पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


