आर्टिकल 19 न्यूज दमोह
चीफ एडीटर:अशोक कुमार
गुंजी में तीन मोरों की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट: ग्रामीणों की मदद से एक और मोर को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया
हिंडोरिया (दमोह)।
पिछले दिनों ग्राम गुंजी में करंट लगने से तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद हरकत में आए वन विभाग ने क्षेत्र में वन्यप्राणियों की सुरक्षा को लेकर तत्परता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में दमोह वन मंडल अधिकारी (DFO) ईश्वर जरांडे एवं रेंजर विक्रम चौधरी के मार्गदर्शन में ग्राम गुंजी से एक और मोर को सुरक्षित रेस्क्यू करने में सफलता मिली है।
ग्रामीणों और वन अमले ने मिलकर चलाया रेस्क्यू
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए थी। सूचना मिलते ही हिंडोरिया के चौकीदार हीरा सिंह ठाकुर ने सूझबूझ दिखाते हुए मोर को सुरक्षित पकड़ा। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में उनके साथ:
कमल ठाकुर (चौकीदार, हिंडोरिया)
- कपिल राज (बीट गार्ड)
- माधव राय ( ग्रामीण)
और स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर वन अमले की सहायता की। सभी के सामूहिक प्रयासों से मोर को बिना किसी चोट के सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया गया है।
अधिकारियों के आदेश के बाद जंगल में किया जाएगा मुक्त
वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मोर को फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसकी सेहत पर नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश और आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद, इस राष्ट्रीय पक्षी को दोबारा उसके प्राकृतिक आवास (घने वन क्षेत्र) में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।



